फैक्ट चेक: क्या मुस्लिम बेटी आयशा ने बना ली HIV की वैक्सीन? वायरल दावे की सच्चाई

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि “एक मुस्लिम बेटी आयशा ने HIV की दवा और वैक्सीन बनाकर दुनिया को चौंका दिया है।”

यह पोस्ट खास तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की जा रही है। वेरिफाइड यूजर रिज़वान रज़ा ने वायरल पोस्टर साझा करते हुए लिखा: “मुस्लिम बेटी ने बनाया HIV का Vaccine गरीबों के लिए फ्री #MuslimBeti #Hiv #MedicalBreakthrough #IslamicPride #ViralReels #viral”

पोस्ट के वायरल होते ही लोग इसे एक बड़ी मेडिकल उपलब्धि मानने लगे। लेकिन क्या यह दावा सच है?

फैक्ट चेक

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए Times Headline ने पोस्ट से संबंधित कीवर्ड्स के जरिए गहन जांच की। इस दौरान हमें किसी भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट, वैज्ञानिक जर्नल या सरकारी स्रोत से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जो यह साबित करे कि किसी मुस्लिम लड़की आयशा ने HIV की वैक्सीन या दवा विकसित की हो।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने HIV वैक्सीन से जुड़ी आधिकारिक जानकारियों को खंगाला। इससे स्पष्ट हुआ कि वर्तमान समय में दुनिया में HIV को रोकने के लिए कोई भी स्वीकृत वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। हालांकि, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ (NIH) के सहयोग से वैज्ञानिक इस दिशा में शोध जरूर कर रहे हैं।

HIV से जुड़ी मौजूदा वैज्ञानिक स्थिति

इस संबंध में समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट भी सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने गिलियड कंपनी की दवा लेनाकैपाविर (Lenacapavir) को HIV संक्रमण की रोकथाम के लिए एक प्रभावी साधन (tool) के रूप में सिफारिश की है। यह दवा साल में दो बार इंजेक्शन के रूप में दी जाती है। हालांकि, WHO के महानिदेशक टेड्रोस एडनोम घेब्रेयसस ने साफ शब्दों में कहा: “HIV वैक्सीन अभी भी दूर की बात है, लेकिन लेनाकैपाविर फिलहाल अगली सबसे बेहतर चीज़ है।”

निष्कर्ष

Times Headline के फैक्ट-चेक से यह साफ हो जाता है कि “मुस्लिम बेटी आयशा द्वारा HIV वैक्सीन की खोज” से जुड़ा दावा पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है। अब तक HIV के लिए कोई भी वैक्सीन विकसित या स्वीकृत नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा पोस्टर वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित नहीं है और लोगों को गुमराह करने वाला है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *