फैक्ट चेकः थाली में थूककर खाना परोसते मुस्लिम होटलवाले का वीडियो निकला AI-जनरेटेड

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि एक मुस्लिम होटल संचालक खाने में थूककर उसे ग्राहकों को परोस रहा है। इस वीडियो के साथ कई यूजर्स मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां भी कर रहे हैं।

इसी क्रम में मनोज श्रीवास्तव नाम के एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘ये देखो हमारे पालें गए साँप अगर आप लोग इसको नफरत फैलाना कहेंगे तो आप ऐसा ही समझो हम तो इन सुअरो से नफरत करेंगे अगर आपको थूक लैट्रिन मिला हुआ खाना पसंद है तो आप रोज खाएं यह खाना सेकुलर कांग्रेस इंडी को ही मुबारक हो

इसके अलावा, योगीआदित्यनाथफैन(डिजिटल योद्धा)गोडसे का भक्त और Vinod kumar Singh Raikwar सहित कई अन्य यूजर्स द्वारा भी इस वीडियो को ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया गया है।

फैक्ट चेक

Times Headline की जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो असली नहीं है, बल्कि इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी (AI) की मदद से तैयार किया गया है। वीडियो का बारीकी से विश्लेषण करने पर कुछ अहम संकेत मिले। होटल के बोर्ड पर लिखे शब्द किसी भी भारतीय भाषा से मेल नहीं खाते। इस तरह के अस्पष्ट और गड़बड़ टेक्स्ट अक्सर एआई-जनरेटेड वीडियो में दिखाई देते हैं।

इसके अलावा, वीडियो में दिखाया गया व्यवहार भी असामान्य है! होटल संचालक खुलेआम ग्राहक के सामने थाली में थूककर खाना परोसता है और ग्राहक बिना किसी प्रतिक्रिया के उसे स्वीकार कर लेता है। सामान्य परिस्थितियों में ऐसा होना बेहद असंभव है।

आगे की जांच के लिए वीडियो को AI डिटेक्शन टूल्स—Hive Moderation, detectvideo.ai और undetectable.ai—पर परखा गया। तीनों प्लेटफॉर्म्स के विश्लेषण में यह सामने आया कि वीडियो के AI-जनरेटेड होने की संभावना 70 प्रतिशत से अधिक है।

AI विशेषज्ञ मयंक शर्मा से बातचीत में भी यही बात सामने आई। उनके मुताबिक, वीडियो में मौजूद ऑब्जेक्ट्स की मूवमेंट प्राकृतिक नहीं लगती—वे “फ्लोट” करती हुई या अचानक बदलती हुई नजर आती हैं, जो एआई जनरेशन की एक आम खामी है।

निष्कर्ष

जांच से स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो असली नहीं, बल्कि AI-जनरेटेड है। इसका वास्तविक घटनाओं से कोई संबंध नहीं है।इसलिए, इस वीडियो के आधार पर किया जा रहा दावा भ्रामक और पूरी तरह से फर्जी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *