जेनिन में ज़कात कमेटी का मुख्यालय सील, इज़रायली सेना पर तोड़फोड़ और राहत कार्य रोकने के आरोप

जेनिन: उत्तरी वेस्ट बैंक के जेनिन शहर में इज़रायली कब्ज़ा बलों (IOF) ने गुरुवार को जेनिन सेंट्रल ज़कात कमेटी के मुख्यालय को बंद कर दिया। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक़, इज़रायली सैनिकों ने इमारत पर छापा मारकर दफ़्तर में तोड़फोड़ की, सामान नष्ट किया और कुछ उपकरण अपने साथ ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सैनिकों ने कमेटी के कार्यालय में घुसकर खिड़कियां तोड़ीं और अंदर मौजूद सामान को नुकसान पहुंचाया। कमेटी के प्रमुख समीर अल-सूकी ने बताया कि जब कर्मचारी सुबह लगभग 8:30 बजे दफ़्तर पहुंचे, तो उन्होंने मुख्यालय को सील बंद पाया। दरवाज़ों पर अरबी और अंग्रेज़ी में नोटिस लगाए गए थे, जिनमें कमेटी पर “आतंकवाद का समर्थन” करने का आरोप लगाते हुए उसे इज़रायली सेना द्वारा बंद किए जाने की घोषणा की गई थी।

अल-सूकी ने कहा कि कर्मचारियों को दफ़्तर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई और अब तक किसी भी स्टाफ सदस्य को अंदर जाकर नुकसान का पूरा आकलन करने नहीं दिया गया है। हालांकि, इमारत के प्रवेश द्वार और सीढ़ियों पर भारी तोड़फोड़ के निशान साफ़ दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दफ़्तर के भीतर कागज़ात और अन्य सामान बिखरा पड़ा था, जबकि कुर्सियां, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फ़ोटोकॉपी मशीनें और कंप्यूटर क्षतिग्रस्त मिले। कुछ उपकरण कथित तौर पर अज्ञात स्थान पर ले जाए गए हैं।

कमेटी प्रमुख के अनुसार, यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब संस्था ईद-उल-अज़हा से पहले ग़रीब परिवारों, ज़रूरतमंद लोगों और अनाथ बच्चों को राहत सामग्री वितरित करने की तैयारी कर रही थी। उन्होंने कहा कि रोज़ाना बड़ी संख्या में लोग सहायता, कुर्बानी के मांस और ईद के कपड़ों से जुड़ी जानकारी लेने मुख्यालय पहुंचते थे।

अल-सूकी ने कहा कि जेनिन गवर्नरेट इस समय गंभीर आर्थिक संकट और बढ़ती ग़रीबी का सामना कर रहा है, जिसके कारण बड़ी संख्या में परिवार कमेटी की सहायता पर निर्भर हैं। संस्था हाल ही में सहायता पाने वाले परिवारों की सूची तैयार कर रही थी।

रिपोर्ट के मुताबिक़, यह कार्रवाई उन घटनाओं के कुछ सप्ताह बाद हुई है जब इज़रायली बलों ने दक्षिणी वेस्ट बैंक के अल-खलील गवर्नरेट में भी कई चैरिटी संस्थाओं और समितियों को बंद किया था। 15 अप्रैल को इज़रायली सैनिकों ने अल-खलील के विभिन्न इलाकों में छापेमारी करते हुए इधना कस्बे में स्थित एक ज़कात कमेटी के दफ़्तर को भी बंद कर दिया था।

फ़िलिस्तीनी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2023 में गाज़ा युद्ध शुरू होने के बाद से वेस्ट बैंक में इज़रायली सैन्य कार्रवाइयों और छापों में तेज़ी आई है। इस दौरान इज़रायली सेना और बसने वालों के हमलों में 1,162 फ़िलिस्तीनियों की मौत हुई है, 12 हज़ार से अधिक लोग घायल हुए हैं और लगभग 23 हज़ार लोगों को गिरफ़्तार किया गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *