फैक्ट चेक: वाराणसी फैमिली कोर्ट का वीडियो CJP प्रदर्शन से जोड़कर किया गया वायरल, दावा निकला भ्रामक

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक घायल युवती फोन पर रोते हुए अपने पिता को कथित मारपीट की घटना के बारे में जानकारी देती दिखाई दे रही है। इस वीडियो को कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से जोड़ते हुए शेयर किया है। वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि युवती ने प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्द कहे थे, जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।

वीडियो को शेयर करते हुए Arun Yadav नामक यूजर ने लिखा, ‘अले… ले… ले… ले…ले…मोदीजी और उनकी स्वर्गीय माता जी को गाली देने से पहले अपने पापा से पूंछा था क्या..’

इसी वीडियो को शेयर करते हुए Kamal Narayan Mishra नामक यूजर ने लिखा, ‘डीडी डर गई अले अले डीडी डर गई, मोदीजी और उनकी स्वर्गीय माता जी को गाली देने से पहले अपने पापा से पूंछा था क्या…’

इसके अलावा कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इसी तरह के दावे के साथ वीडियो को शेयर किया। कुछ पोस्ट में यह भी कहा गया कि युवती के साथ बजरंग दल के सदस्यों ने मारपीट की थी। जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेक

Times Headline की जांच में वायरल दावा भ्रामक पाया गया। उपलब्ध मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस के बयान के मुताबिक, वायरल वीडियो का संबंध दिल्ली के CJP प्रदर्शन से नहीं है। यह वीडियो वाराणसी के परिवार न्यायालय में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। वाराणसी कैंट पुलिस ने भी वायरल वीडियो को CJP प्रदर्शन से जोड़ने वाले दावे का खंडन किया है।

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए Times Headline ने सबसे पहले इसके प्रमुख दृश्यों को की-फ्रेम्स में बदला और Google Lens के जरिए रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान यही वीडियो News18 India के YouTube चैनल पर 18 जुलाई को अपलोड मिला। वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में लिखा था, ‘वाराणसी कोर्ट में बवाल! पत्नी पर जानलेवा हमला’।

इसके बाद घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के लिए अलग-अलग कीवर्ड्स के जरिए ऑनलाइन सर्च किया गया। इस दौरान अमर उजाला, दैनिक जागरण और प्रभात खबर समेत कई मीडिया रिपोर्ट्स सामने आईं।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र स्थित परिवार न्यायालय में एक महिला के साथ उसके पति द्वारा मारपीट और चेन छीनने का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वहीं, अमर उजाला, की रिपोर्ट के मुताबिक, जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर निवासी अर्चना मिश्रा गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे परिवार न्यायालय में अपने मुकदमे की पैरवी के लिए पहुंची थीं। आरोप है कि वहां उनके पति अखंड प्रताप उपाध्याय ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला का आरोप है कि पति ने गाली-गलौज करने के साथ उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और विरोध करने पर मारपीट की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन और लॉकेट छीन लिया गया।

प्रभात खबर की रिपोर्ट में भी बताया गया है कि वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित परिवार न्यायालय में एक महिला ने अपने पति पर मारपीट का आरोप लगाया था। रिपोर्ट के अनुसार, खरगूपुर निवासी अर्चना मिश्रा अपने मुकदमे की पैरवी के लिए सुबह करीब 11:45 बजे फैमिली कोर्ट पहुंची थीं। महिला का आरोप है कि उनके पति अखंड प्रताप उपाध्याय पहले से ही कोर्ट परिसर में मौजूद थे और वहां पहुंचते ही उन्होंने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी तथा उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।

मामले की और पुष्टि के लिए Times Headline ने वाराणसी कैंट पुलिस से भी संपर्क किया। पुलिस ने वायरल वीडियो को CJP प्रदर्शन से जोड़ने वाले दावे को गलत बताया और स्पष्ट किया कि इस घटना का CJP प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।

निष्कर्ष

Times Headline की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो को CJP प्रदर्शन से जोड़कर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो वाराणसी के परिवार न्यायालय में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से संबंधित है। उपलब्ध जानकारी और पुलिस के बयान के अनुसार, इस घटना का दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए CJP प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा दावा तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *