कब्जे वाले यरुशलम के उत्तर में स्थित क़लंदिया शरणार्थी शिविर में मंगलवार शाम इजरायली पुलिस बलों की कार्रवाई के दौरान तीन फिलिस्तीनी घायल हो गए। इनमें एक बच्चा भी शामिल है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, इजरायली बलों ने क़लंदिया शरणार्थी शिविर के आसपास भारी तैनाती कर रखी है। इसी दौरान एक बच्चे के कंधे में गोली लगी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बच्चे की चोट मामूली है।
वहीं, क़लंदिया वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के पास झड़पों के दौरान एक अन्य फिलिस्तीनी भी इजरायली गोलीबारी में घायल हुआ। रिपोर्ट में बताया गया है कि इलाके में तनाव के बीच इजरायली बल लगातार गोलीबारी कर रहे हैं और बड़ी संख्या में मौजूद हैं।
सिर्फ इतना ही नहीं कार्रवाई के दौरान क़लंदिया शरणार्थी शिविर की एयरपोर्ट रोड पर घरों को गिराने से जुड़े नोटिस भी बांटे गए। इससे इलाके में तनाव और बढ़ गया।
रिपोर्ट के अनुसार, क़लंदिया और आसपास के इलाकों में यह कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के दौरान UNRWA द्वारा संचालित क़लंदिया वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट को खाली कराया गया और उसे अपने कब्जे में लिया गया। यह अभियान इजरायल के दक्षिणपंथी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर के नेतृत्व में चलाया गया।
शिविर में लगातार जारी कार्रवाई, गोलीबारी और विध्वंस नोटिस के बीच इलाके में तनाव बना हुआ है।
