निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ जारी प्रदर्शनों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और उसके राजनीतिक सहयोगियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने के बजाय उन्हें राजनीतिक टकराव और अराजकता का मोहरा बनाने की कोशिश कर रहा है।
शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में हाल की घटनाओं ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस और उसके सहयोगी संगठनों पर युवाओं को रचनात्मक कार्यों से दूर कर राजनीतिक संघर्ष और अव्यवस्था की ओर ले जाने के प्रयासों के आरोप हैं। रक्षा मंत्री ने दावा किया कि विपक्ष के कुछ नेताओं द्वारा बांग्लादेश की तर्ज़ पर शासन बदलने और सरकार गिराने जैसी बातें कही जा रही हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमज़ोर करने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश बताया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्ष की लड़ाई केवल चुनाव सुधार, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) या मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों की आड़ में सत्ता हासिल करने की राजनीतिक कोशिश की जा रही है। राजनाथ सिंह का आरोप है कि युवाओं को राजनीतिक टकराव का हिस्सा बनाने के बजाय उनकी ऊर्जा का इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए किया जाना चाहिए।
