चुनाव आयोग पर सवाल उठाने वाली पत्रकार रितिका चोपड़ा TIME100 Next India 2026 लिस्ट में शामिल

चुनाव आयोग के कामकाज और उसकी निर्णय प्रक्रिया पर अपनी खोजी रिपोर्टिंग के जरिए सवाल उठाने वाली द इंडियन एक्सप्रेस की पत्रकार रितिका चोपड़ा को TIME100 Next India 2026 की सूची में जगह मिली है। यह TIME की भारत के 100 उभरते प्रभावशाली लोगों को शामिल करने वाली पहली सूची है।

रितिका चोपड़ा ने अपनी रिपोर्टिंग के जरिए चुनाव आयोग के भीतर फैसलों को लेकर उठने वाली असहमतियों और मतभेदों को सामने रखा था। उनकी एक रिपोर्ट में खुलासा किया गया था कि दो चुनाव आयुक्तों ने 10 महीनों के दौरान आयोग के फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्ति जताई थी।

 

TIME मैगजीन ने रितिका की पत्रकारिता की सराहना करते हुए उनके सवाल पूछने, सूत्रों के साथ भरोसेमंद संबंध बनाने और तथ्यों की गहराई से जांच करने के तरीके को रेखांकित किया है। मैगजीन ने शिक्षा, स्कूल की पाठ्यपुस्तकों में बदलाव और मेडिकल प्रवेश परीक्षा के पेपर लीक से जुड़ी उनकी पिछली खोजी रिपोर्टिंग का भी उल्लेख किया है।

रितिका चोपड़ा की इस उपलब्धि को भारतीय पत्रकारिता के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनकी रिपोर्टिंग ने चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में ला दिया। हालांकि, चुनाव आयोग ने अपनी ओर से फैसलों को सर्वसम्मत बताया था।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *