भारत-मिस्र के सूफी रिश्तों पर होगा मंथन, 23 नवंबर को IIHC आयोजित करेगा अंतरराष्ट्रीय राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस

नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026: इंडो इस्लामिक हेरिटेज सेंटर (IIHC) द्वारा आगामी 23 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में ‘Sufism Across India and Egypt: A Common Heritage of Peace, Pluralism and Coexistence’ विषय पर एक विशेष राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन का उद्देश्य भारत और मिस्र की समृद्ध सूफी परंपराओं, साझा आध्यात्मिक विरासत, शांति, बहुलतावाद और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने में सूफी विचारधारा की भूमिका पर विचार-विमर्श करना है।

इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में मिस्र के प्रतिष्ठित विद्वान प्रो. (डॉ.) मुहम्मद महन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे अल-अज़हर विश्वविद्यालय, काहिरा में अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रोफेसर तथा ग्रैंड इमाम के सलाहकार हैं। उनकी उपस्थिति भारत और मिस्र के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

शांति, बहुलतावाद और सह-अस्तित्व की साझा विरासत पर भारत और मिस्र के विद्वान करेंगे विचार-विमर्श; अल-अज़हर विश्वविद्यालय, काहिरा के प्रो. (डॉ.) मुहम्मद महन्ना होंगे मुख्य अतिथि।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हजरत सैयद फरीद अहमद निजामी करेंगे, जो दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया के सज्जादानशीन हैं। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में आईआईसीसी के पूर्व अध्यक्ष सिराजुद्दीन कुरैशी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, सम्मेलन में जामिया मिल्लिया इस्लामिया के विधि संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) गुलाम यजदानी तथा तंजीम उलमा-ए-इस्लाम के अध्यक्ष मुफ्ती अशफाक हुसैन कादरी वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।

सम्मेलन में भारत और मिस्र की सूफी परंपराओं के ऐतिहासिक विकास, दोनों देशों के बीच आध्यात्मिक संबंधों, सूफी संतों की शिक्षाओं तथा समाज में शांति, सहिष्णुता, भाईचारे और सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करने में उनकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी। भारत और मिस्र दोनों की सभ्यताओं में सूफी परंपरा ने धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता के बीच संवाद तथा मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। IIHC का मानना है कि भारत और मिस्र की साझा सूफी विरासत पर इस प्रकार का अकादमिक संवाद दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक एवं बौद्धिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही, यह सम्मेलन युवा पीढ़ी और शिक्षाविदों के बीच सूफी दर्शन, भारतीय इस्लामी विरासत और साझा सभ्यतागत मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर भी प्रदान करेगा।

यह कार्यक्रम 23 नवंबर 2026, सोमवार शाम 5:30 बजे कॉन्फ्रेंस हॉल-2, इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

इंडो इस्लामिक हेरिटेज सेंटर ने शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, धार्मिक विद्वानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण संवाद में भाग लेने और भारत-मिस्र की साझा सूफी विरासत को समझने के इस अवसर का हिस्सा बनने की अपील की है।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *