ईरान के साथ बिना शर्त युद्ध खत्म करें ट्रंप, 55% अमेरिकी मतदाताओं की मांग

अमेरिका में ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के खिलाफ जनमत बढ़ता दिखाई दे रहा है। यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड और रिसर्च एजेंसी इप्सोस (Ipsos) के ताजा सर्वेक्षण के मुताबिक, 55 प्रतिशत अमेरिकी नागरिक चाहते हैं कि ईरान के साथ युद्ध तत्काल समाप्त कर दिया जाए, भले ही इसके लिए अमेरिका को अपनी शर्तों से पीछे क्यों न हटना पड़े। सर्वे के नतीजे 24 नवंबर 2026 को जारी किए गए।

सर्वेक्षण में राजनीतिक दलों के आधार पर भी लोगों की राय में बड़ा अंतर देखने को मिला। युद्ध तत्काल समाप्त करने की मांग करने वालों में डेमोक्रेटिक पार्टी के 80 प्रतिशत और निर्दलीय मतदाताओं के 59 प्रतिशत लोग शामिल हैं। वहीं, रिपब्लिकन पार्टी के केवल 25 प्रतिशत मतदाताओं ने युद्ध को बिना शर्त समाप्त करने का समर्थन किया। इसके विपरीत, 21 प्रतिशत अमेरिकी नागरिक चाहते हैं कि ईरान के अमेरिकी शर्तें स्वीकार करने तक युद्ध जारी रहे, जबकि 18 प्रतिशत लोग सैन्य कार्रवाई और तेज करने के पक्ष में हैं।

सर्वे में अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस की भूमिका को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। डेमोक्रेटिक पार्टी के 53 प्रतिशत मतदाताओं ने युद्ध समाप्त कराने के लिए कांग्रेस द्वारा सैन्य अभियानों की फंडिंग रोकने का समर्थन किया। वहीं, 51 प्रतिशत डेमोक्रेटिक मतदाता आगामी सरकारी बजट में ईरान युद्ध के लिए फंडिंग बंद करने की शर्त शामिल करने के पक्ष में हैं, भले ही इससे अमेरिकी सरकार का कामकाज ठप होने का खतरा पैदा हो जाए।

इस बीच, ईरान युद्ध का असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों की जिंदगी पर भी पड़ रहा है। तेल आपूर्ति और होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी ने अमेरिकी जनता की चिंताएं बढ़ाई हैं। इससे पहले 10 नवंबर को जारी रॉयटर्स/इप्सोस सर्वे में भी 71 प्रतिशत अमेरिकी नागरिकों ने कांग्रेस से युद्ध समाप्त कराने के लिए कानून पारित करने की मांग की थी। ताजा सर्वे के नतीजे बताते हैं कि अमेरिकी जनता के एक बड़े हिस्से की प्राथमिकता अब सैन्य कार्रवाई जारी रखने के बजाय युद्ध को समाप्त करना है।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *