रोम: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर प्रतिबंध लगाने वाले विवादास्पद शिक्षा कानून को संसद की अंतिम मंजूरी दिला दी है। 26 नवंबर को इटली की संसद के निचले सदन (चैंबर ऑफ डेप्युटीज) ने इस विधेयक को 142 वोटों के समर्थन, 112 विरोध और चार सदस्यों की अनुपस्थिति में पारित कर दिया। इससे पहले सीनेट भी इसे मंजूरी दे चुकी थी।
नए कानून के तहत स्कूलों में ऐसी पोशाक पहनकर शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल होने पर रोक होगी, जिससे किसी छात्र या छात्रा का चेहरा पहचानना संभव न हो। इस प्रावधान के दायरे में बुर्का और नकाब आते हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर 200 से 1,000 यूरो तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी प्रमाणित कारणों और कुछ शैक्षणिक गतिविधियों के लिए छूट का प्रावधान भी रखा गया है। यह प्रतिबंध हिजाब पर लागू नहीं होगा, क्योंकि इसमें चेहरा खुला रहता है।
इस कानून का दूसरा अहम प्रावधान स्कूलों की पहली कक्षाओं में कुछ श्रेणियों के विदेशी छात्रों की संख्या 30 प्रतिशत तक सीमित करना है। यह नियम सभी विदेशी छात्रों पर समान रूप से लागू नहीं होगा, बल्कि उन विद्यार्थियों पर केंद्रित है जिनकी इतालवी भाषा पर पर्याप्त पकड़ नहीं है और जो निर्धारित शर्तों के तहत छूट के पात्र नहीं हैं। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से कक्षाओं में भाषा संबंधी समस्याएं कम होंगी और विदेशी छात्रों का शिक्षा व्यवस्था में बेहतर एकीकरण हो सकेगा।

सरकार ने विदेशी परिवारों के एकीकरण के लिए इतालवी भाषा सीखने से जुड़े प्रावधान भी शामिल किए हैं। कुछ अभिभावकों को अपने बच्चों की शिक्षा में बेहतर सहयोग के लिए मुफ्त इतालवी भाषा पाठ्यक्रम में हिस्सा लेना पड़ सकता है। सरकार का तर्क है कि भाषा की जानकारी से विदेशी बच्चों को पढ़ाई में मदद मिलेगी और स्कूलों में अलग-अलग समुदायों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा।
दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने इस कानून का कड़ा विरोध किया है। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि सरकार शिक्षा में सुधार और स्कूलों की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय प्रवासी समुदायों और मुस्लिम महिलाओं को निशाना बना रही है। संसद में विपक्षी सांसदों ने ‘स्कूल में कोई विदेशी नहीं है’ के नारे लिखे पोस्टर भी प्रदर्शित किए। वहीं, मेलोनी सरकार ने कानून का बचाव करते हुए इसे राष्ट्रीय एकता, भाषा और शिक्षा व्यवस्था में समान अवसर को बढ़ावा देने वाला कदम बताया है।
