गाज़ा संकट के बीच मिस्र ने इज़राइल के साथ रिकॉर्ड 35 अरब डॉलर का गैस समझौता किया

गाज़ा पर इज़राइल की घेराबंदी में कथित मिलीभगत के आरोपो के बीच, मिस्र ने इज़राइल के साथ 35 अरब डॉलर का रिकॉर्ड गैस समझौता किया है। इसके तहत 2040 तक लेविथान अपतटीय क्षेत्र से पाइपलाइन के ज़रिए 130 अरब घन मीटर गैस मिस्र भेजी जाएगी। यह इज़राइल के इतिहास का सबसे बड़ा निर्यात सौदा है।

यह समझौता 2018 के मौजूदा अनुबंध का विस्तार है, जिसमें अब आयात मूल्य लगभग 14.8% बढ़कर प्रति बीसीएम 35 मिलियन डॉलर अधिक हो गया है। मिस्र अपने घटते घरेलू उत्पादन और बढ़ती मांग के बीच इज़राइल पर ऊर्जा निर्भरता बढ़ा रहा है। पिछले दो वर्षों में बिजली संकट और गर्मियों में ब्लैकआउट के कारण जनता में असंतोष उभर चुका है।

योजना के पहले चरण में 2026 तक नई पाइपलाइन के माध्यम से 20 बीसीएम गैस आपूर्ति की जाएगी, जबकि शेष 110 बीसीएम के लिए अतिरिक्त बुनियादी ढाँचा तैयार करना होगा। न्यूमेड कंपनी ने चेतावनी दी है कि परियोजना के समय पर पूरे होने की “कोई गारंटी” नहीं है।

यह सौदा ऐसे समय में हुआ है जब गाज़ा में भुखमरी से लगभग 200 फ़िलिस्तीनियों की मौत और रफ़ा क्रॉसिंग बंद होने पर अंतरराष्ट्रीय विरोध तेज़ है। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फ़तह अल-सीसी ने गाज़ा घेराबंदी में मिलीभगत के आरोपों को “अजीब” बताते हुए खारिज किया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *