जब भी हम अस्पताल की तस्वीर सोचते हैं, तो डॉक्टर के साथ सबसे महत्वपूर्ण भूमिका जिस पेशे की होती है, वह है नर्स। ऑपरेशन थिएटर से लेकर इमरजेंसी वार्ड और मरीज की रोज़मर्रा देखभाल तक स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ नर्सिंग ही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नर्सिंग केवल एक विकल्प है या भविष्य का मजबूत करियर?
भारत में नर्सों की कितनी ज़रूरत?

देश में इस समय 39 लाख से अधिक नर्स कार्यरत हैं। लेकिन 140 करोड़ की आबादी के अनुपात में यह संख्या अभी भी कम मानी जाती है। प्रसिद्ध कार्डियक सर्जन और देवी प्रसाद शेट्टी के अनुसार, अमेरिका और यूरोप में हर एक डॉक्टर पर चार से पांच नर्स होती हैं। और भारत को इस स्तर तक पहुँचने के लिए लगभग 20 लाख और नर्सों की आवश्यकता होगी। यह आँकड़े बताते हैं कि आने वाले वर्षों में नर्सिंग क्षेत्र में मांग और अवसर दोनों बढ़ने वाले हैं।
नर्सिंग की पढ़ाई कौन नियंत्रित करता है?
देश में नर्सिंग शिक्षा की देखरेख इंडियन नर्सिंग काउंसिल (आईएनसी) करता है। यह संस्था स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत काम करती है और नर्सिंग पाठ्यक्रमों और मानकों को निर्धारित करती है।
नर्सिंग में उपलब्ध प्रमुख कोर्स
1- एएनएम (Auxiliary Nursing and Midwifery):- कम अवधि का डिप्लोमा कोर्स।
फोकस: मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बुनियादी इलाज।
मुख्यतः ग्रामीण और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं में कार्य के लिए।
2- जीएनएम (General Nursing and Midwifery) :-
अवधि: 3 वर्ष + इंटर्नशिप।
योग्यता: साइंस स्ट्रीम से 12वीं में कम से कम 40% अंक।
3- बीएससी नर्सिंग :-
अवधि: 4 वर्ष + इंटर्नशिप।
योग्यता: 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और इंग्लिश अनिवार्य, न्यूनतम 45% अंक।
आयु सीमा और प्रवेश प्रक्रिया
- न्यूनतम आयु: 17 वर्ष
- अधिकतम आयु: 35 वर्ष
- मेडिकल रूप से फिट होना आवश्यक
केंद्र सरकार के अस्पतालों में नर्सिंग कोर्स में प्रवेश अब नीट के माध्यम से होता है। राज्य सरकार और निजी कॉलेज अपने-अपने प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला देते हैं। सरकारी कॉलेजों में सालाना फीस लगभग 1 लाख रुपये तक हो सकती है, जबकि निजी संस्थानों में फीस अलग-अलग होती है।
देश में नर्सिंग की स्थिति
भारत में 1,000 मरीजों पर लगभग 2 नर्स मौजूद हैं। देश में 5,310 नर्सिंग संस्थान हैं, जिनमें 806 सरकारी हैं। इसके अलावा हर साल लगभग 3.82 लाख छात्र नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करते हैं। और करीब 1.20 लाख बीएससी नर्सिंग सीटें उपलब्ध हैं।
प्रमुख संस्थान
- एम्स दिल्ली
- क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी) वेल्लोर
- बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी – इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़
- किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी
- पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च
- सेंट स्टीफ़ंस हॉस्पिटल कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग
करियर ग्रोथ और अवसर

हर साल सरकारी और निजी क्षेत्र में हजारों वैकेंसी आती हैं। इसके अलावा कोरोना के बाद नर्सिंग पेशे के प्रति सम्मान और जागरूकता में वृद्धि हुई है प्रतिस्पर्धा कई अन्य नौकरियों की तुलना में अपेक्षाकृत कम है। इसमें बीएससी के बाद एमएससी और पीएचडी जैसे उच्च शिक्षा विकल्प उपलब्ध हैं।
ज़रूरी कौशल
- प्रभावी संवाद क्षमता
- सहानुभूति
- धैर्य
- नेतृत्व क्षमता
वेतन और विदेश में संभावनाएं
- केंद्र सरकार के अस्पताल में शुरुआती वेतन लगभग 80,000 रुपये।
- राज्य सरकार में भत्तों के अनुसार थोड़ा कम।
- निजी अस्पतालों में शुरुआती वेतन सामान्यतः 25–30 हजार रुपये।
करीब साढ़े छह लाख भारतीय नर्स विदेशों में कार्यरत हैं। आवश्यक परीक्षा पास करने के बाद अन्य देशों में भी कार्य किया जा सकता है। क्लिनिक, स्कूल, आर्मी, डीआरडीओ और इसरो जैसे संस्थानों में भी नर्सों के लिए अवसर उपलब्ध हैं।
निष्कर्ष
नर्सिंग आज केवल एक वैकल्पिक करियर नहीं, बल्कि देश और दुनिया दोनों में बढ़ती मांग वाला पेशा है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ यह क्षेत्र स्थिरता, सम्मान और वैश्विक अवसर — तीनों प्रदान करता है।
