गाजा में युद्धविराम के बावजूद हिंसा थमती नजर नहीं आ रही है। एक बार फिर इजरायली हमले में दो फिलिस्तीनियों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
सोमवार शाम गाजा सिटी के दक्षिण-पश्चिमी इलाके शेख अजलीन में अल-नाबुलसी जंक्शन के पास एक वाहन को इजरायली युद्धक विमानों ने निशाना बनाया। इस हमले में दो फिलिस्तीनियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
हमले के बाद मध्य गाजा के अल-बुरैज शरणार्थी शिविर के उत्तरी इलाकों में भी इजरायली तोपखाने से भारी गोलाबारी की गई। वहीं, दक्षिणी शहर राफा के उत्तर-पश्चिमी इलाकों को भी निशाना बनाया गया।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2025 को युद्धविराम लागू होने के बाद से अब तक 1,250 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है, जबकि 4,110 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान 804 शव भी बरामद किए गए हैं।
मंत्रालय के संचयी आंकड़ों के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 से गाजा पट्टी में जारी इजरायली हमलों में अब तक कुल 73,375 फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,74,220 लोग घायल हुए हैं।
युद्धविराम लागू होने के बावजूद गाजा में हमलों और गोलाबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ताजा हमले में दो लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
