मिस्र में बड़ा हादसा: तेल टैंकर में धमाके के बाद लगी भीषण आगे से 31 लोगों की मौत, 27 से ज़्यादा वाहन जलकर राख

मिस्र की राजधानी काहिरा के पास एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। बुधवार (25 नवंबर) को गीज़ा प्रांत के अल-वर्राक इलाके में पेट्रोलियम पदार्थों से भरा एक टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद हुए धमाके और भीषण आग ने देखते ही देखते कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा काहिरा के प्रमुख रिंग रोड पर एक सुरंग के ऊपर हुआ। बताया जा रहा है कि पेट्रोलियम पदार्थों से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास से गुजर रही कारें और मोटरसाइकिलें भी इसकी चपेट में आ गईं।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुरुआती आकलन के मुताबिक करीब 27 वाहन, जिनमें कारें और मोटरसाइकिलें शामिल थीं, आग में जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग अपने वाहनों में ही फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलते ही मिस्र की आपातकालीन सेवाएं और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य के लिए 39 एंबुलेंस तैनात की गईं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, मिस्र के सरकारी अभियोजन पक्ष ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग में बुरी तरह झुलसे मृतकों की पहचान के लिए डीएनए नमूने भी एकत्र किए जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *