उत्तर प्रदेश: 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े ट्रिपल मर्डर (तीहरे हत्याकांड) मामले में स्थानीय अदालत ने आठ मुस्लिम युवकों को बरी कर दिया है। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत पेश नहीं कर सका।
सरकारी वकील नरेंद्र शर्मा के मुताबिक, एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज विजय कुमार ने बुधवार को यह फैसला सुनाया।
मामले की सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता अजेंद्र कुमार समेत अभियोजन पक्ष के कुल 33 गवाह अपने बयानों से मुकर गए और अभियोजन की कहानी का समर्थन नहीं किया। इसके चलते आरोपियों के खिलाफ आरोप साबित नहीं हो सके।
पुलिस ने इस मामले में कुल 10 लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें आजाद, शौकत, जिला, आस मोहम्मद, शाकिर अली, नूर हसन, लियाकत, अली मोहम्मद, सऊद और यामीन शामिल थे। हालांकि, मुकदमे की सुनवाई के दौरान दो आरोपियों सऊद और यामीन की मौत हो गई थी। अदालत ने पर्याप्त साक्ष्यों के अभाव में शेष आठ आरोपियों को बरी कर दिया।
