बिहार में चंदा लेने निकले मदरसा छात्र मोहम्मद ज़ैद का शव तलाब में मिला, साथी अशरफ़ अली लापता

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव स्थित पाण्डेय टोला चंवर के तालाब से बुधवार को पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से 14 वर्षीय मदरसा छात्र मोहम्मद जैद सद्दी उमर का शव बरामद किया। वह सीवान जिले के बनियाटोली का रहने वाला था।

जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद जैद अपने चार अन्य साथियों के साथ जकात वसूलने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में एक खेत से गन्ना तोड़ने पर किसान ने बच्चों को खदेड़ दिया। बताया जा रहा है कि किसान के डर से भागते समय तीन बच्चे सुरक्षित अपने घर लौट आए, जबकि दो किशोर लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया। बुधवार को ड्रोन कैमरे की सहायता से तालाब में जैद का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

इस मामले में दूसरे लापता किशोर असरफ अली की तलाश अभी जारी है। पुलिस तालाब और आसपास के इलाकों में खोजबीन कर रही है। साथ ही गन्ना किसान और बच्चों के अन्य साथियों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दूसरे किशोर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *