फैक्ट चेकः दीपिका, आलिया और श्रद्धा की सिगरेट-शराब के साथ वायरल तस्वीरें AI-जनरेटेड हैं

बॉलीवुड एक्ट्रेसेस दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट और श्रद्धा कपूर की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में दीपिका, आलिया और श्रद्धा को शराब और सिगरेट के साथ देखा जा सकता है। कई यूजर्स इन तस्वीरों को बर्थडे पार्टी का बताकर शेयर कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इन अभिनेत्रियों की आलोचना भी कर रहे हैं।

इन तस्वीरों को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा,
‘बर्थडे क्वीन दीपिका पादुकोण + आलिया भट्ट और श्रद्धा कपूर = अब तक की सबसे हॉट तिकड़ी! केक, ग्लैमर और वाइब्स एकदम ज़बरदस्त! कौन पार्टी में आ रहा है?’ (हिन्दी अनुवाद)

एक अन्य यूजर ने भी इन्हीं तस्वीरों को शेयर किया है, जिस पर 1 मिलियन से अधिक रीच दर्ज की गई है।

फैक्ट चेकः

Times Headline की टीम ने जब वायरल तस्वीरों की जांच की तो पाया की यह तस्वीरें AI यानी (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा जनरेट की गई हैं। तस्वीरों के बारीकी से विश्लेषण में कई गंभीर विसंगतियां सामने आईं।

पहली नजर में ये तस्वीरें सीसीटीवी फुटेज के स्क्रीनशॉट जैसी दिखाई देती हैं, लेकिन इनमें मौजूद समय (टाइमस्टैम्प) एक-दूसरे से मेल नहीं खाते।

इसके अलावा तस्वीरों के डेट सेक्शन में भी बड़ी गड़बड़ियां पाई गईं। कहीं महीना ‘1’ यानी जनवरी दिखाया गया है, तो कहीं ‘5’ यानी मई। वहीं एक तस्वीर में तारीख “25-2026” लिखी हुई है, जो किसी भी तरह से वैध नहीं हो सकती — न तो 25 कोई महीना होता है और न ही यह सही तारीख प्रारूप है।

साथ ही, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की उंगलियों की बनावट भी अलग-अलग तस्वीरों में असामान्य दिखाई देती है, जो AI-जनरेटेड तस्वीरों की एक सामान्य पहचान मानी जाती है। इन सभी विसंगतियों को ग्राफिक्स के जरिए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

इसके अलावा, हमारी टीम ने इन तस्वीरों को AI-डिटेक्टर टूल Hive Moderation पर भी जांचा। जांच के नतीजों में यह सामने आया कि ये तस्वीरें दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट और श्रद्धा कपूर की असली तस्वीरें नहीं हैं, बल्कि AI द्वारा बनाई गई हैं।

निष्कर्षः

Times Headline के फैक्ट चेक से स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट और श्रद्धा कपूर की यह तस्वीरें AI-जनरेटेड हैं और इन्हें वास्तविक मानना गलत है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *