जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले से शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राजौरी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल, दलहोरी में वनस्पति विज्ञान के लेक्चरर मोहम्मद अयाज रैना को National Award to Teachers 2026 के लिए चुना गया है। इसकी खास बात यह है कि इस साल जम्मू-कश्मीर से इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए रैना का चयन एकमात्र शिक्षक के तौर पर हुआ है।
रैना को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान और करीब 13 वर्षों की सेवा के लिए दिया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार देश के उन शिक्षकों को सम्मानित करता है, जिन्होंने विद्यार्थियों की शिक्षा और स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, पुरस्कार के लिए शिक्षकों के प्रदर्शन, नवाचार, शिक्षण पद्धति, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और विद्यार्थियों पर उनके प्रभाव जैसे पहलुओं का मूल्यांकन किया जाता है।
इसके अलावा मोहम्मद अयाज रैना को इससे पहले भी National ICT Award 2017 समेत कई सम्मान मिल चुके हैं। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार उन्हें 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। रैना के चयन को राजौरी और पूरे जम्मू-कश्मीर के शिक्षा जगत के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
