Reading time : 0 minutes
गाज़ा में जारी हिंसा और तबाही के बीच “इज़राइल” ने घोषणा की है कि पश्चिमी देशों से आया 1,000वां सैन्य विमान उसके यहाँ पहुँच चुका है। इज़राइली सुरक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2023 से अब तक 1,20,000 टन से ज़्यादा सैन्य सामान एयरलिफ्ट के ज़रिए भेजा गया है। अधिकारियों ने इसे देश के इतिहास का सबसे बड़ा और तेज़ आपूर्ति अभियान बताया।
इस विमान के पहुँचने पर सुरक्षा मंत्रालय के डायरेक्टर-जनरल मेजर जनरल अमीर बराम ने इसे आधिकारिक तौर पर रिसीव किया। यह मदद ऐसे समय में आई, जब अमेरिका एक तरफ़ युद्धविराम की बात कर रहा है, लेकिन दूसरी तरफ़ इज़राइल को बड़े पैमाने पर हथियार और सैन्य सामग्री दे रहा है।
इसी दौरान NATO में स्पेन एकमात्र देश है जिसने सितंबर में इज़राइल पर पूर्ण हथियार प्रतिबंध लगाया। वहीं ब्रिटेन, जर्मनी और कनाडा ने सीमित पाबंदियाँ लागू की हैं, फिर भी इज़राइल की सप्लाई नहीं रुकी; उसे अब तक करीब 150 जहाज़ों और लगातार आती उड़ानों से सैन्य सामान मिलता रहा।
रिपोर्ट बताती है कि युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका इज़राइल को 21.7 अरब डॉलर की सैन्य सहायता दे चुका है। उधर, गाज़ा में अब तक करीब 70,000 फ़िलिस्तीनी मारे जा चुके हैं और 1,70,000 से अधिक घायल हुए हैं, जबकि बड़े-बड़े इलाके पूरी तरह तबाह हो चुके हैं।
