अगर आप भारतीय हैं और बिना किसी जॉब ऑफर के ब्रिटेन जाकर काम करने या पढ़ाई करने का मौका तलाश रहे हैं, तो आपके लिए एक अहम अवसर सामने आया है। ब्रिटेन सरकार ने इंडिया यंग प्रोफेशनल्स स्कीम (YPS) के तहत इस साल के दूसरे और आखिरी बैलट का ऐलान किया है। इस स्कीम के जरिए चुने गए भारतीय युवाओं को ब्रिटेन में 2 साल तक रहने, काम करने और पढ़ाई करने का मौका मिलता है।
इस स्कीम के लिए बैलट रजिस्ट्रेशन 21 जुलाई 2026 को दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा और 23 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा। रजिस्ट्रेशन के बाद लॉटरी के जरिए सफल उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। बैलट में चुने जाने वाले उम्मीदवार ही आगे वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस स्कीम के बैलट में शामिल होने के लिए आवेदक का भारत का नागरिक होना जरूरी है। उसकी उम्र 18 से 30 साल के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा उसके पास जरूरी शैक्षणिक योग्यता होनी चाहिए और कम से कम 2,530 पाउंड (लगभग 3.25 लाख रुपये) की सेविंग होनी चाहिए।
बैलट रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवार को अपना नाम, जन्मतिथि, पासपोर्ट की जानकारी, पासपोर्ट की स्कैन कॉपी, फोन नंबर और ईमेल आईडी देनी होगी। रजिस्ट्रेशन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि, बैलट में चयन होने के बाद वीजा के लिए 340 पाउंड की आवेदन फीस देनी होगी।
कितने भारतीयों को मिलेगा मौका?
ब्रिटेन इस स्कीम के तहत कुल 3,000 भारतीयों को वीजा देने वाला है। इनमें से ज्यादातर वीजा पहले बैलट के दौरान दिए जा चुके हैं और अब बचे हुए वीजा के लिए जुलाई में बैलट आयोजित किया जा रहा है। एक व्यक्ति केवल एक बार बैलट रजिस्ट्रेशन कर सकता है। बैलट में चयन होने के बाद उम्मीदवार को 90 दिनों के भीतर वीजा के लिए आवेदन करना होगा।
