कश्मीर की युवा खिलाड़ी ताबिश मुश्ताक ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन किया है। इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IUST) की छात्रा तबिश ने ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी थांग-टा चैंपियनशिप 2026-27 में गोल्ड मेडल हासिल किया। मणिपुर स्थित नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने पहला स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया।

ताबिश की इस उपलब्धि पर इस्लामिक यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के कुलपति प्रोफेसर शकील अहमद रोमशू ने उन्हें सम्मानित किया। 7 नवंबर को अवंतीपोरा स्थित विश्वविद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कुलपति ने उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात हैं।

सम्मान समारोह में विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रोफेसर शेख एजाज़, रजिस्ट्रार प्रोफेसर शमीम अहमद शाह, शारीरिक शिक्षा एवं खेल निदेशालय के प्रभारी डॉ. एस. इकबाल कुरैशी और सहायक निदेशक डॉ. हिलाल अहमद रादर भी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने तबिश को बधाई देते हुए खेल प्रतिभाओं को निखारने में शारीरिक शिक्षा एवं खेल निदेशालय के प्रयासों की सराहना की।

कुलपति प्रोफेसर रोमशू ने कहा कि ताबिश जैसी युवा खिलाड़ियों की सफलता अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर लड़कियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराने की विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता भी दोहराई। ताबिश की यह कामयाबी कश्मीर की बेटियों की खेल प्रतिभा और बढ़ते आत्मविश्वास की एक शानदार मिसाल है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *