गाज़ा के सरकारी मीडिया ऑफिस ने बताया है कि युद्धविराम लागू होने के बाद से इज़रायली बलों द्वारा 393 उल्लंघन किए गए हैं। इन घटनाओं में अब तक 279 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें बच्चे, महिलाएँ और बुज़ुर्ग शामिल हैं। इसके अलावा 652 लोग घायल हुए हैं। मीडिया ऑफिस का कहना है कि यह उल्लंघन गंभीर है और लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे युद्धविराम की मूल भावना प्रभावित हो रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, इज़रायली बलों ने हालिया छापों के दौरान 35 फ़िलिस्तीनियों को मनमाने ढंग से गिरफ्तार भी किया। इसके अलावा मीडिया ऑफिस ने चेतावनी दी कि ऐसे क़दम गाज़ा में खतरनाक माहौल पैदा कर रहे हैं और युद्धविराम को भी अस्थिर कर सकते हैं।
बयान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, मध्यस्थ देशों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अपील की गई है कि वे हस्तक्षेप कर इन हमलों को तुरंत रोकें और इज़रायल को समझौते के पालन के लिए बाध्य करें।
उधर, बुधवार को दक्षिण गाज़ा के बानी सुहैला में इज़रायली ड्रोन हमले में कई लोग घायल हुए। एक महिला और उसकी बच्ची के घायल होने की भी पुष्टि हुई है। साथ ही खान यूनिस और रफ़ा में रातभर हवाई हमले और पूर्वी इलाक़ों में आर्टिलरी गोलाबारी जारी रही। उत्तरी गाज़ा के अल-शैमा क्षेत्र में भी गोलाबारी की खबर है।
स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।
